फेसबुक डेटा लीकः रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर फिर साधा निशाना

सोशल साइट फेसबुक डाटा लीक मामले में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अाज फिर कांग्रेस अौर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के चुनाव प्रचार में कैंब्रिज एनालिटिका का हाथ रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इस कंपनी की सेवाएं ली। राहुल गांधी के सोशल मीडिया कैंपेन में कैंब्रिज एनालिटिका ने मदद की है और उनके बीच बैठक भी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कैंब्रिज एनालिटिका से अपने संबंधों पर चुप्पी साध ली है।

इससे पहले बुधवार को भी केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कैंब्रिज एनालिटिका के साथ कांग्रेस के संबंधों का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कंपनी की मदद से 2019 के चुनाव को भी प्रभावित कर सकती है। वहीं कांग्रेस ने सरकार की तरफ से लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कांग्रेस ने कहा कि उसका या पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का कैंब्रिज एनालिटिका के साथ कोई संबंध नहीं है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के भी इस कंपनी के साथ संबंध हैं। वह 2019 के चुनाव में इसकी मदद लेने की तैयारी कर रही है। रविशंकर ने सवाल किया कि कांग्रेस का इस कंपनी से क्या संबंध है? कांग्रेस क्या चुनाव जीतने के लिए अब डाटा चोरी का इस्तेमाल करेगी? उसका कैंब्रिज एनालिटिका से इतना प्रेम क्यों है? इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी की सोशल प्रोफाइल तैयार करने में इस कंपनी की क्या भूमिका है? एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि जमीन पर न दिखने वाले लोग डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचना चाहते है, लेकिन हम डिजिटली और फिजिकली दोनों तरह जनता से जुड़े है।