सोनिया गांधी के डिनर में शामिल होंगे तेजस्‍वी यादव, विपक्ष की रणनीति पर होगी बात

खबरें अभी तक। पूर्व कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने 13 मार्च को विपक्षी पार्टियों के लिए डिनर का आयोजन किया है। इसमें राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव के पुत्र और बिहार के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव भी शामिल होंगे। डिनर के लिए जुटे दिग्‍गज विपक्ष की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
भोज के बहाने सोनिया गांधी एक बार फिर विपक्ष को मजबूत करने में जुट गई हैं। संसद सत्र के दौरान आगामी 13 मार्च को सोनिया गांधी के इस रात्रि भोज का न्योता बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेजस्‍वी यादव समेत विपक्षी खेमे के सभी दलों के नेताओं को भेजा गया है। कांग्रेस इस भोज के सहारे भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विपक्षी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश करेगी।

बिहार की राजनीति के लिए भी यह भोज कई मायनों में महत्‍वपूर्ण है। उपचुनाव की घोषणा के बाद बिहार की राजनीति में काफी उथल-पुथल मचा हुआ है। एक ओर जहां एनडीए से अलग होकर मांझी महागठबंधन में शामिल हो गए तो वहीं, दूसरी ओर बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष अशोक चौधरी अपने चार पार्षदों के साथ जदयू में शामिल हो गए। नेतृत्‍व से नाराज बिहार कांग्रेस में अभी भी कई विधायक बगावत के मूड में हैं।

इस सियासी हलचल के बीच बिहार कांग्रेस में राज्‍यसभा जाने वाले दावेदारों की सूची भी लंबी होती जा रही है। बिहार से रिक्त हुई राज्यसभा की छह सीटों में से कांग्रेस के खाते में एक भी सीट पूरी तरह जाती नहीं दिख रही है, किंतु दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 27 विधायकों और राजद के बचे हुए नौ वोटों के सहारे अपने लिए एक सीट निकालने की उम्मीद लगाए कांग्रेस के सामने पहली चुनौती एकजुट रहने की है, क्योंकि जितने दावेदारों के नाम आ रहे हैं, कांग्रेस में उतने ही खेमे भी नजर आने लगे हैं।
इन तमाम परिस्थितियों के बीच राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव जेल में हैं। तेजस्‍वी यादव ही उनकी विरासत को संभाल रहे हैं।