अग्निहोत्री : तो बजट से पहले कौन सी सरकार कर रही है काम

खबरें अभी तक। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि राजनीतिक आधार पर किए जा रहे तबादलों का कांग्रेस पार्टी रिकार्ड रख रही है। यहां जारी बयान में सी.एल.पी. नेता ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद सरकार थोक में तबादले कर रही है।

जब तबादले ही करने थे तो फिर कैबिनेट ने प्रतिबंध क्यों लगाया था। उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री किसी और के कहने पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के हाथ किसने रोके हुए हैं। बजट के बाद नई सरकार के नजर आने के बयान पर टिप्पणी करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि क्या अब तक पुरानी ही सरकार काम कर रही है।

सीएम सरकारी मामलों का राजनीतिककरण कर रहे

उन्होंने कहा कि पिछले 2 माह से जयराम ठाकुर जनता को सब्र रखने का ही पाठ पढ़ा रहे हैं और बजट आने के बाद नई सरकार आने की बात कर रहे हैं। बजट से पहले कौन-सी सरकार काम कर रही है। सी.एल.पी. नेता ने कहा कि जो बजट से पहले सरकार नहीं चला पा रहे हैं तो उसके बाद क्या हो जाएगा, इसका भी इंतजार किया जाएगा।

अग्निहोत्री ने कहा कि विकास योजनाओं में कांग्रेस पूरा सहयोग देने को तैयार है लेकिन मुख्यमंत्री सरकारी मामलों का राजनीतिककरण कर रहे हैं। कांग्रेस इस मामले पर कतई चुप नहीं बैठेगी।