सऊदी अरब में बदलाव की बयार, अर्थव्‍यवस्‍था को मजबूत करने के लिए लिया बड़ा फैसला

खबरें अभी तक। ऐसा लगता है सऊदी अरब अपनी रूढि़वादी छवि को तोड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है। तभी तो हालिया समय में देश में कुछ ऐसा देखने को मिल रहा है, जो पहले कभी नहीं होता था। अब तक सऊदी अरब और मनोरंजन का कुछ खास नाता नहीं रहा था। इसे पश्चिमी संस्‍कृति माना जाता रहा है। मगर अब सऊदी अरब ने मनोरंजन क्षेत्र में अरबों डॉलर खर्च करने का एलान किया है। जबकि कुछ समय पहले तक इसकी कल्‍पना करना भी बेमानी था।

गौरतलब है कि लंबे समय से अपनी रूढि़वादी छवि के लिए वैश्विक स्‍तर पर आलोचनाओं का भी सामना करने वाले सऊदी अरब ने क्राउन प्रिंस मोहम्‍मद बिन सलमान द्वारा संचालित सामाजिक और आर्थिक सुधारों के एक व्यापक कार्यक्रम पर काम शुरू किया है। रियाद में एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी प्रमुख अहमद बिन अकील अल-खातिब ने कहा कि सऊदी अरब आगामी दशक में अपने एंटरटेनमेंट सेक्‍टर में 64 बिलियन डॉलर खर्च करने को तैयार है। हम पहले से ही इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर पर काम कर रहे हैं।

सऊदी अरब में पिछले कुछ समय से मनोरंजन देखने को मिल रहा है। कई जगह म्यूजिक इवेंट्स करवाए गए हैं और अभी कई इवेंट्स होने बाकी हैं, क्योंकि जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के अनुसार मनोरंजन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद करेगा। सऊदी अरब में मनोरंजन का सबसे बड़ा माध्यम सिनेमाघर दोबारा खोला गया और यह फैसला पिछले साल दिसंबर में लिया गया था। इस साल मार्च तक सऊदी अरब में पहला सिनेमाघर बन जाएगा। मनोरंजन से अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सऊदी अरब आने वाले दशक में मनोरंजन क्षेत्र में 64 अरब डॉलर का निवेश करना चाहता है।